- प्रदेश प्रतिनिधि

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में अब बस कुछ महीने ही बाकी रह गए हैं। इस चुनाव लेकर राजनीतिक दल भी पूरी तरह से सक्रिय हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा बजट सत्र के बाद किसी भी समय हो सकती है। इस संबंध में इसके कई संकेत भी मिलें हैं। जिसमें मंत्री विजय चौधरी ने इसके संकेत भी दिए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के साथ एनडीए नेताओं ने जिलों में साझी यात्राएं भी की हैं। चुनाव आयोग की टीम होली के बाद बिहार के दौरे पर आने वाली है। सब कुछ ठीक रहा तो अप्रैल-मई में चुनाव होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

बताया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव के वक्त से ही बिहार विधानसभा का चुनाव समय से पहले होने की संभावना जताई जाती रही है। पहले चर्चा आयी कि लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा का चुनाव नीतीश कुमार कराना चाहते हैं। इस संबंध में कहा जा रहा है कि इसी मकसद से उन्होंने महागठबंधन का साथ छोड़ा था। पर, भाजपा इसके लिए तैयार नहीं हुई। भाजपा समय से पहले चुनाव कराने के लिए राजी थी। परन्तु लोकसभा के साथ चुनाव कराने में भाजपा ने मतदाताओं के सामने दुविधा उत्पन्न होने की वजह से बात नहीं बनी।

लोकसभा का चुनाव होने के बाद ही इसके अनुमान लगाए जा रहे हैं कि विधानसभा चुनाव की घोषणा किसी भी वक्त हो सकती है। इसी बीच हरियाणा, झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव हुए, लेकिन बिहार की बात नहीं आई। फिर पुनः दिल्ली के साथ चुनाव कराने की चर्चा भी चली, परन्तु इस बार भी बिहार की बारी नहीं आ सकी। हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली में जीत के बाद भाजपा बिहार में चुनाव कराने के लिए तैयार हो गई है। इसके लिए कई संकेत भी मिलने लगे हैं।