० दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को दिये गए आवश्यक निर्देश …..
० असमाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर-डीएम
सुरेश प्रसाद आजाद

दुर्गा पूजा 2024 को शांतिपूर्ण और सौहार्द वातावरण में मनाने और विधि-व्यवस्था संधारण के लिए आज श्री आशुतोष कुमार वर्मा जिलाधिकारी नवादा एवं श्री अभिनव धीमान पुलिस अधीक्षक नवादा के द्वारा संयुक्त रूप से डीआरडीए सभागार में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को ब्रीफिंग किया गया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण ढ़ंग से पर्व को सम्पन्न कराना है और मानक संचालन का अनुपालन कराना है। सजग और सतर्क रहकर दुर्गा पूजा को सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठायेंगे। संयुक्तादेश को ठीक से पढ़कर उसका अनुपालन करना सुनिश्चित करेंगे। भीड़ पर नियंत्रण और विधि-व्यवस्था संधारण करने के लिए 05 से अधिक स्थलों पर अस्थायी नियंत्रण कक्ष बनाये गए हैं, जहां 24 घंटे दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं सभी एसएचओ प्रतिनियुक्त स्थलों पर ही प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों के साथ ब्रीफिंग करेंगे। सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी पुलिस पदाधिकारी एवं जोनल दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की उपस्थिति की जॉच करेंगे एवं अनुपस्थित पाये जाने वाले दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों पर सख्ती बरतेंगे और अग्रेतर कार्रवाई हेतु जिला गोपनीय शाखा को सुनिश्चित करेंगे। दशहरा पर्व के दौरान प्रमुख स्थानों पर ड्रोन कैमरा से निगरानी की जायेगी। जुलूस और रावणवध की वीडियोग्राफी होगी।

कार्यपालक अभियंता, विद्युत को निर्देश दिया गया कि विद्युत कर्मी को प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे एवं दुर्गा पूजा अवधि के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति करना सुनिश्चित करेंगे। कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को निर्देश दिया गया कि पानी के टैंकरों की समुचित व्यवस्था करेंगे ताकि मेलों में आये श्रद्धालुओं को पेयजल की समस्या न हो। जिला अग्निशमन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि अग्नि से सुरक्षा एवं बचाव हेतु आवश्यक उपाय करना सुनिश्चित करेंगे एवं अग्निशमन वाहन को हाई एलर्ट मोड में रखेंगे। सिविल सर्जन, नवादा को जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी एम्बुलेंसों में जीवन रक्षक दवाओं के साथ-साथ डॉक्टरों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे एवं सभी एम्बुलेंसों को हाई एलर्ट मोड में रखेंगे। मूर्ति विसर्जन स्थल पर गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति की जायेगी।

उन्होंने बताया कि जिले में 236 स्थलों पर पूजा पंडाल का निर्माण किया गया है। सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी एवं विडियोग्राफी आयोजकों को लगाने का निर्देश दिया गया है। डीजे पर पूर्व की भांति पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। अफवाह फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि भीड़ को नियंत्रण करते हुए शांतिपूर्ण ढ़ंग से पूजा सम्पन्न कराना सुनिश्चित करेंगे। पूजा समितियों को लाईसेंस की सभी शर्ताें का अनुपालन कराने का निर्देश दिया गया। सभी पूजा समिति के सदस्य अपना पहचान पत्र अवश्य रखेंगे और पंडाल में ही लाईसेंस रखना सुनिश्चित करेंगे। शर्ताें के उल्लंघन करने पर तत्काल विधि-सम्मत कार्रवाई की जायेगी।
श्री अभिनव धीमान पुलिस अधीक्षक नवादा के द्वारा गाड़ियों के रूट के बारे में विस्तार से बताया गया। ड्रॉप गेट के आगे कोई भी वाहन नहीं जायेगा। भीड़ पर पैनी नजर रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये। मोटरसाईकिल से 24 घंटे गश्ती की जायेगी। छेड़-छाड़ एवं अश्लील हरकत करने वाले असमाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। असमाजिक तत्वों पर पैनी नजर रहेगी। अनियंत्रित रूप से वाईक चलाने वाले पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, सुरक्षा बल एवं गस्ती दल असमाजिक तत्वों से मुर्तियों की सुरक्षा करना सुनिश्चित करेंगे।

सभी चौक-चौराहे पर ब्रेथ एनेलाईजर की उपलब्धता उत्पाद अधीक्षक, नवादा को दिया गया। विधि-व्यवस्था संधारण करने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गयी है। भीड़ वाले स्थलों पर सिविल ड्रेस में पुलिस बल मुस्तैद रहेंगे।
जिला नियंत्रण कक्ष दिनांक 09.10.2024 से दुर्गा पूजा त्योहार सम्पन्न होने तक 24 घंटे कार्यरत रहेगा जिसका दूरभाष संख्या 06324-212261 है। इसके अलावे अनुमंडल नियंत्रण कक्ष, थाना नियंत्रण कक्ष एवं अस्थायी नियंत्रण कक्ष 05 स्थलों पर बनायी गयी है।
पुलिस नियंत्रण कक्ष, नवादा-06324-212263
अनुमंडल नियंत्रण कक्ष नवादा सदर-06324-212238/6287891486
अनुमंडल नियंत्रण कक्ष रजौली-9431870496
स्वास्थ्य विभाग नियंत्रण कक्ष नवादा-06324-217472/217579
स्वास्थ्य विभाग नियंत्रण कक्ष रजौली-7903777730
अग्निशाम नियंत्रण कक्ष नवादा-06324-212586
विद्युत प्रमंडल नवादा नियंत्रण कक्ष-7033095811
विद्युत प्रमंडल रजौली नियंत्रण कक्ष-7369001361
मद्य निषेध नियंत्रण कक्ष नवादा-8544424181
थाना नियंत्रण कक्ष-संबंधित थानाध्यक्ष का फोन नम्बर
इसके अलावे 05 स्थलों पर अस्थायी नियंत्रण कक्ष बनाये गए हैं, जो सद्भावना चौक, रजौली बस स्टैंड, प्रजातंत्र चौक, इंदिरा गॉधी चौक और भगत सिंह चौक, नवादा है।

आज की बैठक में सिविल सर्जन, नवादा, अपर समाहर्त्ता नवादा, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, गोपनीय प्रभारी, प्रभारी पदाधिकारी जिला स्थापना शाखा, अनुमंडल पदाधिकारी नवादा सदर/रजौली, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवादा सदर/पकरीबरावां/रजौली, प्रभारी जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, डीसीएलआर नवादा एवं रजौली, जिला परिवहन पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी के साथ-साथ सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।