महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित फिल्में प्रदर्शित की जा रही है। 

सुरेश प्रसाद आजाद

नवादा 25 अप्रैल 2025 । 

ग्रामीण विकास विभाग, बिहार द्वारा संचालित महिला संवाद कार्यक्रम के माध्यम से जीविका के ग्राम संगठनों की महिलाएं अब अपने बदलाव की आवाज़ बुलंद कर रही हैं। यह कार्यक्रम सरकार की उस पहल का हिस्सा है, जिसमें महिलाओं की आकांक्षाओं को समझकर नीतियों में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

आज कार्यक्रम के सातवें दिन नवादा जिले के 13 प्रखंडों में कुल 26 जीविका महिला ग्राम संगठनों में महिला संवाद का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में जीविका दीदियों के साथ-साथ गांव की अन्य महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

राज्य सरकार द्वारा महिलाओं की समुचित भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी महिलाओं को लीफलेट के माध्यम से दी जा रही है। एल.ई.डी. स्क्रीन युक्त महिला संवाद रथ के माध्यम से महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित फिल्में प्रदर्शित की जा रही हैं। इसके साथ ही, महिलाओं के नाम माननीय मुख्यमंत्री का संदेश भी वितरित किया जा रहा है, जिसमें महिलाओं के कल्याण हेतु उठाए गए कदमों का उल्लेख किया गया है।

कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने बताया कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर वे न केवल स्वयं को, बल्कि अपने पूरे परिवार को सशक्त बना रही हैं। कई महिलाओं ने इन योजनाओं के माध्यम से अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को साझा किया। इसके साथ ही, उन्होंने गांव के समग्र विकास के प्रति अपनी इच्छाएं भी प्रकट कीं एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित सुधारों के लिए सुझाव दिए।

महिलाएं अपनी मन की बात और भविष्य की आकांक्षाएं खुलकर साझा कर रही हैं। इन आकांक्षाओं की ऑनलाइन प्रविष्टि की जा रही है ताकि सरकार उन्हें ध्यान में रखते हुए अपनी नीतियों में आवश्यक संशोधन कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *