0 होली खेलते गोली मारी,होली हुई बदरंग,झगड़े-हादसों में दो की मौत ।
नवादा से डी के अकेला की रिपोर्ट
नवादा,17मार्च:2025।

जिले में ऐतिहासिक होली के सुअवसर पर जहाँ लाखों लोगों ने प्रेम,उमंग व भाईचारे के साथ त्योहार मनाया,वहीं कई जगहों पर झगड़े,फायरिंग व हादसों ने रंग में भंग डालकर ख़ुशी को गम में बदल दिया। बहते शराब की दरिया,आपसी रंजिश एवं उपद्रव के चलते कई गांवों में जबर्दस्त मारपीट हुई। नारदीगंज,कौआकोल,रजौली, धमौल व मुफसिल थाना क्षेत्र सहित कई इलाकों में आपसी और पुलिस के साथ झड़पें हुई। इन घटनाओं में तीन पुलिस अधिकारी व दर्जनों लोग बुरी तरह घायल हुए और तकरीबन एक दर्जन से ज्यादा लोग गिरफ्तार हुए।

नारदीगंज में होली खेलते ही समय एक युवक को गोली मार दी गई। गोली लगा युवक गंभीर रूप से घायल है। उसे पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। रजौली में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला हुआ, जिसमें दो पुलिस अधिकारी घायल हुए। मुफसिल थाना क्षेत्र के आषाढ़ी गांव में होली के नाच-गान को लेकर दो पक्ष आपस में भीड़ गए।बन्डाचक
टोला में हुई झड़प में करीब दर्जन भर लोग घायल हो गए। कौआकोल के फुलडीह गांव में शराब पीकर मारपीट करने के आरोप में एक आर्मी जवान अंकित कुमार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। देखोदेवरा में दो पक्षों के झड़प में कई लोग घायल हो गए और दर्जनों लोग गिरफ्तार हो गए। होली के दरम्यान दो दर्दनाक हादसे भी हो गए। पकरीबरवां थाना क्षेत्र के कबला गांव में धुरखेली के बाद नहाने गए एक युवक की आहर में डूबकर मौत हो गई। वहीं, नेमदरगंज थाना क्षेत्र के बरेव गांव में करेंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। इन घटनाओं के उपरांत दोनों गांवों में घनघोर मातम पसर गया। इसकी सुचना स्थानीय थाना पुलिस को दे दी गई है।

रोह थाना के सियर गांव में चार लोगों की मौत से होली का रंग फीका पड़ गया। सियर गांव में विभिन्न कारणों से चार लोगों की मौत हो गई। इससे होली रंग बिल्कुल बदरंग हो गई। ग्रामीणों ने बताया की डेगमा गांव से पूजा करवा कर लौट रहे सुरेन्द्र पाण्डेय की लाश सिनखोरी पोखर के पास मिली। अभी मौत के कारण का पता नहीं लगा है। इसी गांव के डीलर दिवाकर सिंह के पुत्र रूपेश सिंह की एकाएक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। उसी गांव के सुंदर यादव की पत्नी शानो देवी लम्बे समय से बीमार के चलते ईलाज के क्रम में मौत हो गई। उसी दिन एक बुजुर्ग 70 वर्षीय सोहन रजक की मौत हो गई। सियर गांव में होली नहीं मनी।
छेड़छाड़ का विरोध करने पर पति को चाकू मारी। रजौली थाना के ढाब गांव में छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक महिला के पति के पेट में चाकू घोंप दिया। पीड़िता बबिता कुमारी ने बताया कि 14 मार्च को 3 बजे गोबर फेंकने खेत जा रही थी।ढाब पुल के पास गांव के ही विकास कुमार और गणेश यादव मिले। विकाश नशे में था और अश्लील हरकतें शुरू कर दी। विरोध करने पर गणेश यादव ने बेटे विकास कुमार को रोकने के बजाय देते हुए मारपीट के लिए उकसाया। शोर-शराबा सुनकर बब्लू यादव ज्यों ही वहाँ पहुंचे त्यों ही गणेश यादव ने पेट में चाकू घोंप दिया। बेटे को भी विकास ने घायल कर दिया। पीड़िता ने थाना में लिखित शिकायत दी।

भूमि विवाद में प्रतिद्वन्दी ने मारी गोली और पुलिस ने गिरफ्तार की। नारदीगंज थाना के चना चातर गांव में 14 मार्च की रात गोलीबारी में 22 वर्षीय कमलेश चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में नाजुक हालत के कारण बेहतर ईलाज हेतु पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। अब पटना के एक नीजि क्लीनिक में ईलाज चल रहा है। फ़िलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। एसडीपीओ सुनील कुमार ने बताया कि गाँव में पूर्व से चले आ रहे भूमि विवाद में प्रतिद्वन्दी ने कमलेश चौहान को गोली मार दी। पुलिस ने उक्त मामले की एफआईआर दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। एफएसएल टीम ने भी जाँच में जुट गई है। थानाध्यक्ष प्रभा कुमारी ने बताया कि जख्मी के भाई सुनील की शिकायत पर 4 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। इनमें बुंदेल चौहान,लालकेश्वर चौहान,महेंद्र चौहान और एक विधि निरुद्ध शामिल है। पुलिस ने त्वरित करवाई करते हुए महेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापामारी जारी है। उक्त घटना के पीछे भूमि विवाद और रूपये की लेनदेन की बात सामने आई है।

महिला को अबीर लगाने को लेकर झड़प और 6 घायल। धमौल थाना के गुलनी गांव में एक महिला को होली में अबीर लगाने को लेकर दो पक्षों में जबर्दस्त मारपीट हो गई। मारपीट में दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग धायल हो गए। कुछ लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पकरी बरवां में इलाज हेतु भेज दिया गया। एक गंभीर रूप से घायल रघुनन्दन यादव के 15 वर्षीय पुत्र हर्षित कुमार को सदर अस्पताल नवादा भेज दिया गया। दोनों पक्ष से प्राथमिकी दर्ज कर आगे की करवाई की जा रही है।