सुरेश प्रसाद आजाद

एनडीए घटक के सहयोगी दल और राष्ट्रीय लोकमोर्चा के प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा राज्यसभा जाएंगे। इसके लिए वह नामांकन दाखिल करेंगे। इस बात की घोषणा एनडीए ने की है.
उपेन्द्र कुशवाहा अब राज्यसभा जाएंगे। राष्ट्रीय लोकमोर्चा के मुताबिक़ एनडीए की तरफ से उपेंद्र कुशवाहा 21 अगस्त को 11 बजे नामांकन दाखिल करेंगे क्यों कि नामांकन दाखिल करने का यह आखिरी दिन है। उपेंद्र कुशवाहा एनडीए गठबंधन के सभी वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। कुछ दिन पहले ही एनडीए की तरफ से आधिकारिक रूप से उपेंद्र कुशवाहा को राज्यसभा भेजने का एलान किया गया था। एक सीट के लिए उपेन्द्र कुशवाहा, जबकि दूसरी सीट पर भाजपा के उम्मीदवार होंगे। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से भाजपा के पूर्व सांसद आर के सिंह की संभावना बताई जा रही है। हालांकि बिहार भाजपा की प्रदेश इकाई ने दावेदारों के नाम को शार्टलिस्ट कर भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को सौंप दी गई है। ऐसी संभावना है कि भारतीय जनता पार्टी अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा आज कर सकती है.

लोक सभा चुनाव में काराकाट सीट से थे एनडीए के प्रत्याशी….
उपेंद्र कुशवाहा लोकसभा चुनाव में काराकाट सीट से एनडीए के प्रत्याशी थे, जहां से उनके विरुद्ध भोजपुरी गायक और अभिनेता पवन सिंह और वाम दल के राजाराम सिंह चुनाव लड़े थे। हालांकि उस सीट पर भोजपुरी सिने स्टार पवन सिंह हार गये लेकिन साथ ही साथ उपेन्द्र कुशवाहा को भी जीतने नहीं दिया था। विपक्ष का आरोप था कि यह सब खेल खुद भाजपा ने करवाया है। अब यह कहा जा रहा है कि उपेंद्र कुशवाहा को एनडीए की तरफ से राज्यसभा भेजने का मतलब यह है कि उन्हें बिहार में होने वाले विधान सभा चुनाव से पहले उन्हें साधने की कोशिश की जा रही है.
लोक सभा में जाने की वजह से दो सीटों के लिए होंगे उपचुनाव…..
लोक सभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल की मीसा भारती और भारतीय जनता पार्टी के विवेक ठाकुर के जीतने के बाद यानि लोकसभा सदस्य बनने के बाद राज्यसभा की दो सीट खाली हो गई थी। अब उन्हीं दो सीटों पर उपचुनाव होने हैं। विवेक ठाकुर 2020 में राज्यसभा के लिए चुने गए थे जिनका कार्यकाल 2026 तक था, जबकि मीसा भारती जून 2022 को राज्यसभा सदस्य बनी थी।