सुरेश प्रसाद आजाद
नवादा, 28 अप्रैल 2025 ।

महिला सशक्तीकरण की दिशा में बिहार सरकार द्वारा संचालित महिला संवाद कार्यक्रम के दसवें दिन भी नवादा जिले के विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और एल.ई.डी. युक्त संवाद रथ के माध्यम से बिहार सरकार द्वारा महिलाओं के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में संवाद रथ के माध्यम से प्रदर्शित वीडियो फिल्मों के जरिये महिलाओं को महिला आरक्षण, बिहार राज्य महिला सशक्तीकरण नीति, नशामुक्ति अभियान, जीविका कार्यक्रम, सतत् जीविकोपार्जन योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री बालिका पोषाक योजना, साईकिल योजना, मुख्यमंत्री बालिका प्रोत्साहन योजना, किशोरी स्वास्थ्य कार्यक्रम, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री मेधावृत्ति योजना सहित कुल 31 सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया।

महिलाओं के बीच सरकारी योजनाओं से संबंधित लीफलेट वितरित किए गए, जिन्हें पढ़कर महिलाएं विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी ले रही हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा भेजा गया विशेष संदेश पत्र भी महिलाओं के बीच पढ़ा गया, जिसे महिलाओं ने विशेष रुचि के साथ पढ़ा और सराहा।
कार्यक्रम के दौरान सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं ने मंच साझा कर अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को भी सभी के साथ साझा किया।

इस पहल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएँ अब अपने सपनों और आकांक्षाओं को खुलकर व्यक्त कर रही हैं।
अब तक नवादा जिले में 45,000 से अधिक महिलाएं महिला संवाद कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज करा चुकी हैं और महिला सशक्तीकरण की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता से परिचित हो चुकी हैं।
उल्लेखनीय है कि महिलाओं को जागरूक करने, उनकी समस्याओं को समझने और उनका समाधान तलाशने के उद्देश्य से 18 अप्रैल 2025 से ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार द्वारा पूरे राज्य में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।